पड़ाव में तेज रफ्तार डंपर ने टेम्पो को मारी टक्कर, 1 की मौत, 2 घायल
ग्वालियर. पड़ाव इलाके में एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही टेम्पो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार एक लड़के की कुचलने से मौत हो गई है, जबकि टेम्पो चालक सहित दो लोग घायल है। हादसे के बाद डंपर को छोड़कर चालक भाग गया है। घटना रविवार सुबह 7 बजे पड़ाव इलाके की है। डंपर फूलबाग की तरफ से आ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को निगरानी में लेकर घायलों को जयारोग्य हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। मृतक डबरा का रहने वाला था और मामा के घर जा रहा था। पर रास्ते में ही उसे मौत ने आ घेरा।
क्या है पूरा मामला
डबरा के गंजीपुरा निवासी 21 वर्षीय सागर कुमार ग्वालियर में ही जॉब करता है। रविवार सुबह 7 बजे वह स्टेशन पहुंचा और यहां से वह अपने मामा के घर नई सड़क जा रहा था। वह स्टेशन से टेम्पो में सवार हुआ था। उसके अलावा टेम्पो में एक मीरा नाम की महिला और टेम्पो चालक कल्लम खां था। अभी टेम्पो स्टेशन से निकलकर पड़ाव इलाके में पहुंची ही थी कि सामने से फूलबाग से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर क्रमांक MP07 GA-6993 के चालक ने तेजी लापरवाही से चलाते हुए टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो पलट गया। आगे सवार सागर उसके नीचे दबकर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी, जबकि यात्री मीरा देवी व टेंपो चालक कल्लम खां घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। फिलहाल घायल खतरे से बाहर बताए गए हें।
पुलिस ने जब्त किया डंपर
इस मामले में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पड़ाव पुलिस का कहना है कि जिस डंपर से हादसा हुआ है उसे निगरानी में ले लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

