पंजशीर के पहाड़ों में भीषण लड़ाई जारी, तालिबान ने मोबाइल कनेक्टिविटी काटी
नई दल्ली. पंजशीर के आसपास तालिबान और विद्रोही गुट के बीच भीषण लड़ाई चल रही है। पंजशीर के लड़ाकों के पहाड़ों के ऊपर होने के कारण तालिबान पर वे भारी पड़ते दिख रहे हैं। हालांकि तालिबानी लड़ाके भी जमकर फायरिंग और रॉकेट लॉन्चर दागते दिख रहे हैं।
आज तालिबान सूत्रों ने दावा किया है कि पंजशीर की कई अहम चौकियों पर तालिबान पहुंच गए हैं। ये भी दावा किया जा रहा है कि पंजशीर की मोबाइल कनेक्टिविटी काट दी गई है। वाशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी खुफिया संस्था सीआईए के निदेशक विलियम बर्न्स और तालिबान नेता मुल्ला बरादर के बीच सोमवार को काबुल में मुलाकात हुई है। इसी बीच अहमद मसूद तालिबान से वार्ता करके आत्मसमर्पण कर सकते हैं। हालांकि, नॉदर्न अलायंस ने इसका खंडन किया है।
तालिबान ने मंगलवार को अपनी अंतरिम सरकार के कई मंत्रियों का ऐलान किया है। खास बात यह है कि संगठन ने किसी समय तालिबान के कट्टर विरोधी रहे गुल आगा शेरजई को वित्तमंत्री नियुक्त किया है। शेरजई पहले कंधार और फिर नंगरहार के गवर्नर रहे हैं। तालिबान के खिलाफ लड़ाई में वे सीआईए के प्रमुख सहयोगी थे। उन्हें तालिबान का कसाई भी कहा जाता है। कंधार का गवर्नर रहते हुए उन्होंने तालिबान के सफाए में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने नंगरहार का गवर्नर रहते हुए सड़क निर्माण कार्य किए थे, जिसकी वजह से उन्हें अफगानिस्तान का बुलडोजर कहा जाता है।
सद्र इब्राहिम को अंतरिम गृह मंत्री बनाया
तालिबान ने मुल्ला सखाउल्लाह को कार्यवाहक शिक्षा मंत्री और अब्दुल बारी को उच्च शिक्षा मंत्री बनाया है। सद्र इब्राहिम को अंतरिम गृह मंत्री बनाया गया है और गुल आगा को वित्त मंत्री बनाया है। वहीं, मुल्ला शिरीन को काबुल का गवर्नर और हमदुल्ला नोमानी को काबुल का मेयर बनाया गया है।

