बिहार में नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के 6-7 डिब्बे पटरी से उतरे, हादसे में 4 की मौत
पटना. आनंद विहार टर्मिनल से कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12506 की6 से 7 बोगियां बेपटरी हो गईं। दानापुर मंडल के रघुनाथपुर स्टेशन के पास ये हादसा हुआ है। ट्रेन असम में गुवाहाटी के पास कामाख्या जा रही थी। इस घटना में 4 लोगों की मौत की खबर अब तक सामने आई है। वहीं, 60 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी अब तक सामने आई है। हादसे वाली जगह पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। तमाम प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच चुका है।
एक्शन में SDRF की टीम
ट्रेन हादसे के बाद बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लगातार मामले पर नजर बनाए हुए हैं। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया है कि बिहार SDRF की टीम तत्परता से राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ राहत-बचाव कार्य के अलावा रसद जुटाने के साथ-साथ व्यवस्थाओं की निगरानी भी कर रहे हैं। अस्पताल अलर्ट मोड पर है। गाड़ियों के लिए जिले के टोल फ्री कर दिए गए हैं।

