दिल्ली में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मरीजों की संख्या हुई 15, सभी LNJP हॉस्पिटल में भर्ती
नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ओमीक्रोन का खतरा बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली में हाई रिस्क देशों से लौटे अब तक 15 यात्रियों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन भर्ती लोगों में से 9 लोग कोरोना सवंमित पाए गए है जबकि 6 लोगों में लगे में खराश, बुखार जैसे लक्षण सामने आए है। शुक्रवार को संदिग्ध मरीजों की संख्या 12 थी, इसके बाद 3 नए मरीज ब्रिटेन से आने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए है, जिनकी रिपोर्ट 4 से 5 दिन में आने की उम्मीद है।
दिल्ली में पहला ओमीक्रॉन पॉजिटिव मरीज मिला है। जानकारी के अनुसार ये यात्री 2 दिसंबर को तंजानिया से दिल्ली आया था और उसे कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 12 संक्रमित मरीजों के सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, जिनमें से एक मरीज़ की रिपोर्ट में ओमीक्रॉन वैरिएंट पाया गया है। इस तरह भारत में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित 5 मरीज मिल चुके हैं। इनमें कर्नाटक से 2 जबकि दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात से 1-1 मरीज मिला है। कर्नाटक में मिले मरीजों में हल्के लक्षण पाए गये हैं और दोनों ही दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। शनिवार को गुजरात में भी 72 साल के एक मरीज में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। ये मरीज जिम्बाब्वे से लौटा था। वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई में भी साउथ अफ्रीका और दुबई से होते हुए भारत आया एक शख्स में ओमिक्रॉन का संक्रमण मिला है।

