तिघरा हुआ लबालब, बिल्हेटी गांव की पुलिया टूटने 8 लोग घर में फंसे
ग्वालियर. पिछले 24 घंटे से हो रही तेज वर्षा के चलते शहर में जगह-जगह जल भराव जैसी स्थिति बन गयी है। उपनगर मुरार ब्लॉक के बिल्हेटी गांव की पुलिस का एक हिस्सा मुरार नदी के तेज बहाव में बह गया। जिससे आवाजाही बाधित हो गयी है और साथ ही अन्य ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है। वहीं कई इलाकों में बिजली भी गुल है। ग्वालियर में बुधवार-गुरूवार को 198.4 एमएम वर्षा हुई थी। शहर में अब तक कुल 1023.4एमएम वर्षा हुई है।
वहीं, मुरार तहसील के ग्राम पंचायत बिल्हेटी गांव में वर्षा का पानी भरने के चलते गांव में ही रहने वाले बलवीर सिंह के परिवार के 8 लोग घर में ही फंसे हुए है। बारिश के पानी के बलवीर सिंह का मकान एक मंजिल तक डूब चुका है। घर के लोग पानी से बचाव के लिये घर की छत पर बैठे हुए है। परिवार ने जिला प्रशासन से जल्दी उन्हें वहां से निकालने की मांग भी की है।
क्या है घटनाक्रम
बता दें कि मंगलवार-बुधवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश के चलते, शहर की लाइफ लाइन तिघरा बांध फुल हो गया था। जिसके चलते बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे कलेक्टर रुचिका चौहान और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में तिघरा बांध के आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट और सायरन बजाने के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा तिघरा के 7 गेट खोल दिए गए थे। जिसमें 40 हजार क्यूसेक मीटर से ज्यादा पानी निकल गया था। बांध के गेट खुलने को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे थे। इसके साथ ही तेज बारिश की चेतावनी को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा (12 सितंबर) को सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित करने के आदेश भी जारी किए गए थे। गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर 2022 में तिघरा के 3 गेट खोले गए थे। लेकिन भारी बरसात को देखते हुए इस साल बुधवार को तिघरा बांध के सात गेट खोले गए थे। तिघरा का जलस्तर अभी 739 फीट से ज्यादा है जबकि कुल क्षमता 740 फीट है। 11 सितंबर 2024 को एक दिन में रात 10 बजे तक 198.4 एमएम बारिश हो चुकी थी। इससे पहले 23 सितंबर 2019 को 102 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। सितंबर में एक दिन में हुई बारिश ने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

