जेएएच में जारी हाई वोल्टेज ड्रामा, अधीक्षक ने कहा डीन नहीं करते सहयोग, डीन बोले अधीक्षक का रवैया गैर जिम्मेदाराना
ग्वालियर. इस भीषण गर्मी में जेएएच में जारी हाई वोल्टेज ड्रामा ने मरीजों के साथ ही डॉक्टरों का भी पसीना निकाल दिया है। जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन और जेएएच अधीक्षक के बीच शीतयुद्ध की जानकारी अब जेएएच कैंपस के बाहर पहुंच चुकी है। जेएएच अधीक्षक डॉ. आरकेएस धाकड़ के संभागीय आयुक्त को लिखे पत्र ने साफ कर दिया है कि अस्पताल में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है मेडिकल कॉलेज के मुखिया और जेएएच के मुखिया के बीच सामंजस्य नहीं होने का खामियाजा अस्पताल के मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। मरीज इस भीषण गर्मी में ठंडी हवा और पानी तक के लिए परेशान है। जेएएच अधीक्षक ने जहां स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि डीन सहयोग नहीं कर रहे है। वहीं मेडिकल कॉलेज के डीन ने भी अधीक्षक के रवैये को गैर जिम्मेदाराना बताया है साथ ही कंडम एसी के मामले मंे जांच कराने की बात कहकर जेएएच प्रबंधन को घेरने का मूड बना लिया है।
पत्र में इन बिंदुओं को किया शामिल
बर्न वार्ड,आपरेशन थियेटर, आइसीयू में भर्ती मरीजों के लिए लगाए गए एसी कूलर खराब हैं। नए एसी कूलर के लिए पीडब्ल्यूडी ने डीन कार्यालय से बजट मांगा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मशीन खराब हैं,जांच के लिए कैमिकल व किट नहीं, डिजिटल एक्सरे की फिल्म आदि के लिए पत्र लिखा पर देरी से स्वीकृति दी।
स्टेशनरी के लिए बजट मांगा, लेकिन मेडिकल कालेज प्रबंधन ने प्रस्ताव अस्वीकृत किया।
केआरएच की लिफ्ट बंद होने पर भुगतान संबंधी परेशानी सामने आती है, जो डीन कार्यालय से होना है।
सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना थी, पर डीन कार्यालय ने कमेटी बना दी, जो व्यक्तिगत नाम की अनुशंसा कर रही है। जिससे परेशानी बढ़ गई है।

