जन्माष्टमी मनाने 20 लाख भक्त मथुरा पहुंचे, जन्मभूमि मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं
मथुरा. भगवान कृष्णा के जन्म का मथुरा बेसब्री से इंतजार कर रहा है। सज-धज कर तैयार है। 20 लाख से ज्यादा भक्त पहुंच चुके है। जन्मभूमि मंदिर के आसपास करीब 5 किलोमीटर इलाके में पैर रखने की जगह नहीं है। बांके बिहारी मंदिर के कपाट 9.30 बजे बंद कर दिए गए। गर्भ गृह में अभिषेक हुआ। इस दौरान दर्शन नहीं हुए। रात 1 बजे मंगला आरती के साथ ही कपाट खोल दिए गए। बांके बिहारी में साल में सिर्फ एक बार ही मंगला आरती होती है। द्वारकाधीश मंदिर में शहनाई की धुन पर भक्त नाचते हुए कान्हा के भजन गा रहे है। जैसे-जसै नंद गोपाल के जन्म का वक्त करीब आया श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर जगह-जगह मंडलियों में भक्त बैठे भजन-कीर्तन कर रहे थे।
सीएम योगी ने 12 मिनट तक जन्मस्थान में पूजा की
सीएम योगी आदित्यनाथ कृष्ण जन्मस्थली मंदिर में पहुंचे। वहां 12 मिनट तक पूजा की। जय-जय श्री राधे, वृंदावन बिहारी लाल की जय के जयकारे लगाए। मथुरा-वृंदावन में उनका दौरा करीब साढ़े तीन घंटे का रहा। सीएम योगी ने 25 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने पटका पहनाकर संतों का सम्मान किया।
पहली बार ईदगाह की तरफ खोला गया गेट
पहली बार भगवान कृष्ण के मूल गर्भगृह का गेट शाही ईदगाह की तरफ खोला गया है। इससे पहले विवाद के चलते गेट इस दिशा में नहीं खोला जाता था।

