जनवरी में आएगी कोविड की तीसरी लहर, फरवरी में डेढ़ लाख डेली केस पर बनेगा पीक- IIT कानपुर प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल
नई दिल्ली. ‘ओमिक्रॉन वैरिएंट के भारत में केस आने के बाद कोरोना वायरस की तीसरी लहर नए साल की शुरुआत यानी जनवरी 2022 में आ सकती है। IIT कानपुर के प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल की ओर से ओमिक्रॉन वैरिएंट पर किए गए डेटा एनालिसिस में यह तथ्य सामने आया है। देश में कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान प्रोफ्रेसर अग्रवाल का कोरोना को लेकर किए गए डेटा एनालिसिस काफी सुर्खियों में रहा था।
प्रोफेसर अग्रवाल के अनुसार नाइट कर्फ्यू, भीड़ लगाने पर प्रतिबंधों से ही केस की संख्या में कमी आ जाएगी। दुनियाभर में फैल रहे खतरनाक ओमिक्रॉन वैरिएंट और तीसरी लहर की आशंका पर मणींद्र ने साउथ अफ्रीका से लेकर बाकी देशों के डेटा को स्टडी किया है और भारत को लेकर अहम विश्लेषण निकाले हैं।
ओमिक्रॉन वैरिएंट के बारे में हमें साउथ अफ्रीका से जो डेटा मिला है उसका अध्ययन करके हमने अपने निष्कर्ष निकाले हैं। अगले साल के शुरुआती महीनों, जनवरी से तीसरी लहर दस्तक दे सकती है और फरवरी तक इसका पीक बन सकता है। फरवरी में जब पीक बनेगा तो डेली कोविड केस डेढ़ लाख तक जा सकते हैं। साउथ अफ्रीका में कुछ महीनों पहले ही ओमिक्रॉन वैरिएंट आ चुका था, लेकिन इसका संक्रमण काफी धीरे-धीरे फैल रहा था। इसके पीछे वजह ये थी कि वहां के 80 प्रतिशत से ज्यादा लोगों में नेचुरल इम्यूनिटी आ चुकी है। ये ऐसे लोग हैं जो पहले ही संक्रमित हो कर ठीक हो चुके हैं। इसकी वजह से बहुत कम ऐसे लोग हैं जिनको संक्रमण होने की संभावना थी, लेकिन हाल के दिनों में ओमिक्रॉन के केस तेजी से बढ़े हैं।

