रेत में मिला खजाना-ग्वालियर में रेत खदान में दो बच्चियों को मिले सोने के सिक्के, बंटवारे पर हुआ विवाद
ग्वालियर. भितरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विज कपूर रेत खदान पर बुधवार की शाम खेलते समय दो बच्चियों को सोने के सिक्के मिले। इस पर एक बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे और सारे सिक्के अपने साथ लेकर चले गए। दूसरी बच्ची के परिजन सिक्कों के बंटवारे को लेकर मौक पर गए, लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस बुला ली। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। बताया जा रहा है कि 200 सोने के सिक्के मिले हैं।
बाक्स में 200 सिक्के मिले
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को बघेल समाज और पंडित समाज की लड़कियां रेत खदान पर खेल रही थी। तभी बघेल समाज की लड़की को दो सोने के सिक्के दिखाई दिए। इसके बाद पंडित समाज की लड़की भी वहां पहुंच गई और उसने इस बात की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां पर खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें एक बाक्स में 200 सिक्के मिले और वह वहां से उन्हें अपने घर ले गए। जब यह बात बघेल समाज के परिजनों को पता चली तो वह बंटवारे को लेकर उनके पास गए। इसी दौरान विवाद हो गया विवाद के चलते बघेल समाज के बच्चे की ओर से पुलिस को बुला लिया गया। पुलिस दोनों बच्चों को लेकर थाने ले आई। इसके साथ ही 200 सिक्के मिले थे उन्हें जप्त कर लिया।

