ग्वालियर में रिटायर्ड कर्मचारी से साढ़े 14 लाख की ठगी, पैसे मांगे तो धमकाया
ग्वालियर. रिटायर्ड एजी ऑफिस कर्मचारी द्वारा की गई एफडी के रुपए कंपनी के वित्तीय सलाहकार व एक अन्य ने उड़ा दी। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के सत्यदेव नगर की है। घटना का पता उस समय चला जब पीडि़त की एफडी का समय पूरा हो गया तो उन्हें 18 लाख के बदले सिर्फ 3 लाख 55 हजार रुपए मिले और उसके बाद अफसर उन्हें टरकाते रहे। परेशान पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
यह है मामला
थाटीपुर थाना क्षेत्र के सत्यदेव नगर निवासी 66 वर्षीय प्रेम बाबू पुत्र कालीचरण राठौर एजी ऑफिस से रिटायर्ड कर्मचारी है। वर्ष 2018 में उन्होंने दीवान हाउसिंग फायनेंस कार्पोरेशन में दो एफडी की थी, जिसमें एक 12 लाख की और दूसरी दो लाख की थी। एफडी वर्ष 2021 में मेच्योर हो रही थी। निश्चित समय पर जब पैसे उनके खाते में नहीं आए तो वह कार्यालय पहुंचे और कंपनी के अफसरों ने बताया कि एक माह में आपका पैसा आपके खाते में पहुंच जाएगा। इसके बाद उनके खाते में मात्र 3 लाख 55 हजार रुपए आए थे।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर कंपनी के वित्तीय सलाहकार तुषार पुण्डीर व कपितल बाघवान के खिलाफ मामला दर्ज किया है, क्योंकि तुषार पुण्डीर ने उसके पैसे फिक्स डिपोजिट किए थे और जो स्लिप उन्हें मिली थी उस पर कपिल बाघवान के हस्ताक्षर थे। थाटीपुर थाने के एडिशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि एजी ऑफिस से रिटायर्ड एक कर्मचारी के साथ कंपनी के वित्तीय सलाहकार व एक अन्य ने उड़ा कर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। फिलहाल कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

