ग्वालियर में बढ़ रहे आवारा कुत्तों के हमलों पर हाईकोर्ट सख्त, पीआईएल को लेकर 3 विभागों को नोटिस
ग्वालियर. मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आवारा कुत्तों का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। शहर में प्रतिदिन कुत्तों के काटने की घटनायें सामने आ रही है। इस समस्या को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है। ग्वालियर निवासी चन्द्रप्रकाश सेन द्वारा दायर याचिका में बताया गया है कि हाल ही में कई मासूम बच्चों पर आवारा कुत्तों ने हमला किया। एक बच्चे को 100 से अधिक टांके लगे और उसका अभी भी उपचार चल रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी लगातार ऐसी घटनायें हो रही है।
हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 पक्षकारों को नोटिस जारी कियाहै। इनमें प्रमुख सचिव स्थानीय प्रशासन मध्यप्रदेश, ग्वालियर के निगमायुक्त और गजराराजा मेडीकल कॉलेज के डीन शामिल है। कोर्ट ने इन विभागों से कुत्तों के काटने की घटनाओं को रोकने के लिये किये गये कार्यो की जानकारी मांगी और साथ ही आवारा कुत्तों की नसबंदी कार्यक्रम और उस पर होने वाले खर्च का विवरण भी मांगा है। अगली सनुवाई 6 मई को होगी। जिसमें सभी पक्षकारों को नोटिस का जवाब पेश करना होगा।

