ग्वालियर में पॉश कॉलोनियों में शामिल माधव नगर में उच्च न्यायालय के आदेश पर शनिवार को तुड़ाई हुई
ग्वालियर. शहर की पॉश कॉलोनियों में शामिल माधव नगर में उच्च न्यायालय के आदेश पर शनिवार को तुड़ाई हुई। इस दौरान दुकानों को सील करने की कार्रवाई भी की गई इसके बाद ही स्थानीय निवासियों ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि यहां पर कचरा उठाने के लिए गाड़ी नहीं आती है इसलिए आगे चबूतरा बनाया है जिससे लोग यहां पर कचरा नहीं फेंके वैसे भी यह किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं है।
बता दें कि माधव नगर इलाके में शुक्रवार को तुड़ाई होना थी लेकिन पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण कार्रवाई टल गई थी। शनिवार को पुलिस बल मिलते ही निगम अमले ने तुड़ाई शुरू कर दी है। यहां पर करीब चालीस मकान मालिकों को नोटिस दिए गए थे इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अब निगम इन अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की। उधर स्थानीय निवासियों ने तुड़ाई रूकवाने के लिए सांसद से लेकर विधायक सतीश सिकरवार तक से गुहार लगाई थी लेकिन न्यायालय का आदेश होने के कारण कहीं से राहत नहीं मिली। इसके बाद शनिवार को निगम अमले ने पुलिस फोर्स के साथ माधव नगर में पहुंचकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। जेसीबी से अवैण निर्माण ढहाने के साथ ही यहां पर दुकानों को भी सील किया। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी के द्वारा किसी प्रकार का विरोध नहीं दर्ज कराया गया।

