ग्वालियर में पुलिस सूट में एक युवक ने बाइक में 8 लीटर पेट्रोल डलवाया और बिना भुगतान किए भागा
ग्वालियर. इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो फूलबाग चौराहा स्थित पेट्रोल पंप का है। पेट्रेल पंप पर सुबह बाइक से एक युवक आया। ठंड के कारण सिर पर पुलिस जैसा कैप लगा हुआ है और मुंह पर मफलर लपेटे हुए है। जिससे उसका चेहरा नजर नहीं आ रहा है। युवक नीले रंग का ट्रैक सूट पहने हुए है। इस पर मोनो के साथ पुलिस भी अंकित है। युवक की गाड़ी पर भी पुलिस लिखा नजर आ रहा है। युवक पेट्रोल पंप कर्मचारी से टैंक फुल करने के लिए इशारा करता है। कर्मचारी गाड़ी में 8 लीटर पेट्रोल डाल देता है। गाड़ी में पेट्रोल भरने के बाद कर्मचारी पीछे की तरफ मुड़ता है। इसी बीच युवक बगैर भुगतान किए गाड़ी स्टार्ट कर भाग निकलता है। पेट्रोल पंप कर्मचारी उसके पीछे भी दौड़ता है, लेकिन दस-बीस कदम दौड़ने के बाद रुक जाता है। बताया गया है कि युवक के कंधे पर बंदूक लटकी हुई थी। पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालक ने कोई शिकायत नहीं की है। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद जांच की जा रही है। पुलिस गाड़ी में पेट्रोल भरवाकर भागे युवक की फुटेज से पहचान करने का प्रयास कर रही है।

