ग्वालियर में नए साल पर पुलिस ने 4 घंटे में नशे में ड्राइविंग करने वाले 85 लोगों को पकड़ा
ग्वालियर. नए साल की पहली रात को होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने देर रात 10 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों पर मोर्चा संभाल लिया था। पुलिस के टारगेट पर तेज रफ्तार सड़क पर वाहन दौड़ाने वाले व नशे की हालत में ड्राइविंग करने वाले थे। पुलिस ने 4 घंटे में शराब के नशे की हालत में वाहन ड्राइव करते हुए 85 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनका वाहन जब्त कर कोर्ट के चालान की कार्रवाई की है। पुलिस की सतर्कता का नतीजा रहा कि नए साल में सड़क हादसे में किसी की जान नहीं गई है।
4 घंटे में नशे में वाहन ड्राइव करते हुए 85 लोगों को पकड़ा
ट्रैफिक व थानों की पुलिस ने ब्रीथ एनलाइजर थांमकर नशे की हालत वाहन ड्राइव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई रात 10 बजे से शुरू की। पुलिस ने चेकिंग प्वाइंटों पर दोपहिया व फोर व्हीलर वाहनों को राेका। चालक के नशे में होने की आशंका पर ब्रीथ एनलाइजर मुंह पर लगाकर जोर से फूंक मारने के लिए कहा। ब्रीथ एनलाइजर से फूंक मारने वाले व्यक्ति के शराब पिए होने की पुष्टि होने पर वाहन को जब्त कर लिया और कोर्ट चालान बना दिया। पुलिस ने चार घंटे में नशे में वाहन ड्राइव करते हुए 85 लोगों को पकड़ा है।
एक चालक को 10 हजार से लेकर 12 हजार 500 तक जुर्माना भरना पड़ेगा
शराब पीकर वाहन चलाते हुए चालक को मोटा जुर्माना भरना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने एक चालक को नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 हजार से लेकर 12 हजार 500 रुपये तक जुर्माना कोर्ट में भरना पड़ेगा। जुर्माना भरने के बाद ही जब्त वाहन सुपुर्दगी मिलेगा।

