ग्वालियर में तानसेन समारोह के लिए पंडाल व मंच को कलाकारों ने आकार देना शुरू किया, 48 कलाकारों को प्रस्तुती देने के लिए आमंत्रित किया
ग्वालियर. हजीरा स्थित मोहम्मद गौस मकबरा परिसर में बुधवार से चहल-पहल बढ़ गई है। यहां 26 दिसंबर की शाम से शुरू होने वाले तानसेन समारोह 2021 के लिए पंडाल और मंच को कलाकारों ने आकार देना शुरू कर दिया है। पंडाल का आकार 130 बाया 80 वर्गफीट रखा गया है जिसके अंदर बनाए जाने मंच के सामने बैठकर संगीत रसिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के गायन-वादन का आनंद ले सकेंगे। सुर सम्राट तानसेन का मंच 75 बाय 40 का रखा गया है लेकिन अभी तक मंच के पीछे नजर आने वाली थीम उस्ताद अलाउद्दीन खान संगीत एवं कला अकादमी ने तय नहीं की है।
समारोह में 48 कलाकारों को प्रस्तुती देने के लिए आमंत्रित किया
अकादमी निदेशक राहुल रस्तोगी ने बताया थीम और अलंकृत होने वाले देश के मूर्धन्य कलाकार के नाम पर अभी विचार चल रहा है। सुर सम्राट तानसेन को समर्पित संगीत समागम 30 दिसंबर तक चलेगा। समारोह में 48 कलाकारों को प्रस्तुती देने के लिए आमंत्रित किया गया है। अंतिम दिन सुबह की सभा सम्राट तानेसन की जन्म स्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजेगी। वहीं समापन इसी शाम यानी 30 दिसंबर को गूजरी महल में होगा। हर बार की तरह समारोह की हर सभा का शुभारंभ परंपरागत ढंग से ध्रुपद के साथ होगा।

