ग्वालियर में ठेका खत्म फिर भी चल रहीं पार्किंग, कर रहे अवैध वसूली
ग्वालियर. शहर में महाराज बाड़ा सहित कई स्थानों पर वाहन पार्किंग का ठेका खत्म होने के बाद भी ठेकेदार द्वार वाहन खड़े करवाकर अवैध वसूली की जा रही है। इससे नगर निगम को हर महीने लाखों रुपए का चूना लग रहा है। लेकिन निगम के जिम्मेदार पार्किंग ठेकेदारों पर कार्रवाई करने से बच रहे हैं। महाराज बाड़ा पार्किंग का ठेका नगर निगम की ओर से 34 लाख रुपए में फर्म को 15 सितंबर- 2021 से मार्च-2023 तक दिया गया है। इसमें ठेकेदार फर्म लाला शिवहरे पर महाराज बाड़ा क्षेत्र के नजरबाग मार्केट के बाहर कार पार्किंग, विक्टोरिया मार्केट के बाहर और सराफा बाजार तिराहे से दौलतगंज तक पार्किंग है। लेकिन ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा सराफा बाजार, एसबीआइ बैंक पास, गोरखी के पास, पोस्ट ऑफिस, पुलिस चौकी के पास सहित कई स्थानों पर वाहनों को लगवाकर अवैध वसूली की जा रही है। अवैध वसूली की शिकायतें कई बार अधिकारियों से की जा चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। शहर में संचालित हो रहे पार्किंग ठेकों की समय सीमा खत्म हो चुकी है। नगर निगम की ओर से नए टेंडर किए जा रहे हैं जबकि इस प्रक्रिया को ठेके खत्म होने से पहले ही पूरा कर लिया जाना था।
यहां भी हो रही अवैध वसूली
छत्री मंडी स्थित सब्जी मंडी के ठेके की भी समयावधि समाप्त हो चुकी है, उसके बाद भी ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा धड़ल्ले से अवैध वसूली की जा रही है।
फूलबाग स्थित चौपाटी के पीछे बनी पार्किंग का ठेका नहीं होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा यहां भी पार्किंग संचालित की जा रही है और आमजन से अवैध वसूली की जा रही है।
गोले के मंदिर के पास ठेका नहीं होने पर भी ठेकेदार द्वारा पार्किंग संचालित की जा रही है और आमजन से हर दिन 10 रुपए प्रति वाहन लिए जा रहे हैं।
अभी हम ही वसूली कर रहे हैं
महाराज बाड़ा पार्किंग का ठेका खत्म हो चुका है। उसके लिए नए टेंडर लगाए जा चुके हैं। अभी बाड़ा पार्किंग ठेके से हम ही वसूली कर रहे हैं।
लाला शिवहरे, पार्किंग ठेकेदार

