Latestराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर-चंबल में नए-पुरानों में बंटी भाजपा, यशोधरा ने पूछा पुरानी भाजपा में से कोई नहीं आया

ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा में शामिल हुए दो साल हो चुके हैं। उनके साथ आए हजारों कार्यकर्ता भी खुश हैं। उनको भी संगठन से लेकर निगम व मंडलों में पदों से नवाजा गया है। सिंधिया के आने के बाद अब ग्वालियर-चंबल अंचल में भाजपा दो भागों में बंटती नजर आ रही है। एक सिंधिया समर्थक भाजपा है, तो दूसरी मूल भाजपा। इस विवाद की गहराई का पता एक दिन पहले उस समय लगा, जब खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एयरपोर्ट पहुंची।

पुरानी भाजपा से कोई नहीं आया
यहां उनके स्वागत में पहुंचने वाले सिंधिया समर्थक भाजपाई थे। यहां यशोधरा राजे ने पूछ लिया कि पुरानी भाजपा से कोई नहीं आया। इस पर सिंधिया समर्थकों का कहना था, अब तक हम भी आपके ही हो गए हैं। उस समय तो सभी ने हंसकर बात को टाल दिया, लेकिन खेल मंत्री के बोल बड़ा सवाल खड़े कर गए। इस पर कांग्रेस का भी बयान आया है। कांग्रेस का आरोप है कि ग्वालियर में BJP दो खेमों में बंट गई है। एक सिंधिया भाजपा और दूसरी मूल भाजपा।

क्या अंचल में बंट गई है भाजपा
ग्वालियर में दो साल पहले हजारों सिंधिया समर्थक भाजपा में शामिल हुए, तभी से भाजपा में दो खेमे बन गए। मूल भाजपाई और सिंधिया समर्थक भाजपाई। सिंधिया समर्थकों को टिकट वितरण से लेकर निगम-मंडलों में पदों पर ताजपोशी से दोनों खेमों में खाई बढ़ती चली गई। यह खाई निचले स्तर पर ही नहीं बल्कि ऊंचे पदों पर बैठे नेताओं के बीच भी देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *