गमक में चंदनदास अपनी आवाज बुलंद करेंगे
ग्वालियर. तानसेन समारोह के विश्व संगीत समागम ‘‘तानसेन समारोह’’ के तहत संगीत की नगरी ग्वालियर में पूर्वरंग कार्यक्रम जारी है। और 2 बड़ी संगीत सभायें हो चुकी है। इसी कड़ी में तानसेन समारोह की पूर्व संध्या यानि 14 दिसंबर की शाम 6.30 बजे इंटक मैदान हजीरा पर पूर्वरंग ‘‘गमक’’ की संगीत सभा सजेगी। ‘‘गमक’’ में विश्व विख्यात गजल गायक चंदनदास अपनी गायकी में सर्द रात में समा बांधेंगे।
विश्वभर में गजल गायकी का परचम लहरा रहे चंदनदास ने न जीभर के देखा न कुछ बात की, बड़ी आरजू थी मुलाकात की, जैसी तमाम गजलें गाकर देश और दुनियाभर में लोकप्रियता हासिल की है। उनकी हिट एलबम में कितने ही रंगे, गजल उसने छेडी, इनायत व गुजारिश शामिल है। उन्होंने लोकप्रिय धारावाहिकों एवं फिल्मों के लिये भी गायन किया और साथ ही मुख्य धारा की फिलमों के लिये भी संगीत दिया है।
तानसेन का है श्ताब्दी वर्ष
संगीत शिरोमणि तानसेन की याद में आयोजित होने वाले तानसेन समारोह का इस साल शताब्दी वर्ष है। राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस के सहयोग से आयोजित हो रहे समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। समारोह में शहर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों संगीत प्रेमियों एवं पत्रकारों को आमत्रित किया गया है। समारोह पूर्णतः निःशुल्क है।

