कोरोना से आईएएस अधिकारी मसूद अख्तर का निधन
भोपाल. मप्र गृहविभाग में बतौर सचिव आईएएस अधिकारी मसूद अख्तर की कोरोना संक्रमण के चलते शुक्रवार को मौत हो गयी। उन्हें सुबह 8 बजे हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें वेंटीलेटर पर ले जाने लगे। लेकिन वहां पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। वह भोपाल के नेशनल अस्पताल में एक माह से भर्ती थे। भर्ती होने के कुछ दिनों के बाद ही रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी थी। उन्हें लंग्स इंफेक्शन भी हुआ था। 3 दिन पूर्व उन्हें कोरोना रिपोर्ट निगेटिव हो गयी थी, लेकिन उसके प्रभाव से वह बच नहीं सके।
छतरपुर और सीधी के कलेक्टर रह चुके
उनके साथी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी रमेश भण्डारी ने बताया कि वह छतरपुर और सीधी के कलेक्टर रह चुके हैं। उनके नाम छतरपुर में लम्बे समय (4 वर्ष अधिक) तक कलेक्टर रहने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इन्दौर की अहिल्याबाई यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई की थी और वह 1986 में राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी थे। उनकी पत्नी अन्जू दुबे अख्तर और एक 8 वर्षीय बेटा है।
पहले आईएएस अधिकारी है जिनकी कोरोना से मौत हुई
मसूद अख्तर मप्र के पहले आईएएस अधिकारी है जिनकी कोरोना से मौत हुई है। इससे पहले कोरोना से डॉक्टर्स, पुलिसकर्मी और हेल्थ वकर्स की मौतें हुई है। इधर, मप्र में लगातार कोरोना के नये मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह उन्हें हार्ट अटैक आया था, गुरूवार को मप्र में कोरोना के 844 नये मामले आये थे, वहीं, भोपाल में 158 नये मामले मिले थे जबकि 2 की मौत हो गयी थी।
सोशल मीडिया पर दोस्त ने याद किया
उनके दोस्त आईएएस अफसर राजीव शर्मा ने अख्तर को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- ‘डॉ. मसूद अख्तर अब नहीं रहे। अभी थोड़ी देर पहले उन्होंने भोपाल के नेशनल अस्पताल अंतिम सांस ली। वे मेरे अग्रज, सच्चे मित्र और सहृदय मनुष्य थे। सफल अधिकारी तो थे ही. उनका जाना मुझे अकेला कर गया।

