केंद्रीय मंत्री बनते ही सिंधिया का फेसबुक अकाउंट हैक, पुराने पोस्ट अपलोड किए
ग्वालियर. बुधवार को सुबह ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली और रात में किसी ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया। हैकर ने फेसबुक पर कुछ पुराने पोस्ट के साथ वीडियो भी आपलोड कर दिए। अधिकांश वीडियो एवं फोटो उनके कांग्रेस में रहते समय दिए गए बयानों से संबंधित थे। हालांकि दावा किया गया है कि हैकिंग को रोक दिया गया और डेटा रिकवर कर लिया गया है।
पोस्ट होते ही तुरंत साइबर टीम को एक्टिव किया गया
राज्यसभा सदस्य सिंधिया ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली थी इसके बाद रात 12.23 बजे करीब अचानक उनके फेसबुक अकाउंट से कई सारे पोस्ट हुए जिसमें उनके कांग्रेस में रहते हुए दिए गए बयान और वीडियो शामिल थे। इन फोटो एवं वीडियो के पोस्ट होते ही हड़कंप मच गया। तुरंत साइबर टीम को एक्टिव किया गया इसके चलते रात 12.27 बजे सभी पुराने पोस्ट को हटा दिया गया। सिंधिया समर्थक कृष्णा घाड़ने ने बताया कि फेसबुक हैकिंग को रोक दिया गया व सभी डेटा रिकवर भी कर लिया गया है।
4 मिनट में हटाईं पोस्ट
केंद्रीय मंत्री सिंधिया का अकाउंट हैक करने वाला अधिक देर तक इसका गलत उपयोग नहीं कर सका क्योंकि अकाउंट हैक होने का पता चलते ही सायबर टीम एक्टिव हो गई थी। इसी वजह से महज चार मिनट में ही सभी पोस्ट को हटा दिया गया था, हालांकि इस दौरान भी कई लोग उन पोस्ट को देख चुके थे और कमेंट्स भी कर रहे थे।
ग्वालियर के इंदरगंज थाने में हुई एफआईआर दर्ज
ज्योतिरादित्य सिंधिया के केन्द्रीय मंत्री पद की शपथ ग्रहण करते ही रात को फैसबुक एकाउंट हैक कर लिया गया जैसे ही इसकी खबर सिंधिया समर्थकों को मिली तो सनसनी फैल गयी। दोपहर में पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने इंदरगंज थाने पहुंच की इसकी शिकायत दर्ज कराई।

