MP में शक्कर-तेल व्यापारी के 15 ठिकानों पर छापे, 100 करोड़ से अधिक टैक्स चोरी का अंदेशा
भोपाल. आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने जबलपुर, नरसिंहपुर और भोपाल में एक साथ 15 जगह छापा मारा। ये कार्रवाई कटंगा APR कॉलोनी के रहने वाले शक्कर व तेल के थोक व्यापारी भरत चिनानी और सुरेश हथवानी के ठिकानों पर की गई। ये लोग टैक्स बचाने के लिए नौकरों के नाम पर थोक व्यापार कर रहे थे। प्रारंभिक आकलन में व्यापारी के घर से बड़ी मात्रा में सोने और हीरे की ज्वेलरी समेत बड़ी मात्रा में लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त हुए हैं। आशंका है कि 100 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी की गई है। विभाग के जॉइंट डायरेक्टर मुनमुन शर्मा ने बताया कि टैक्स चोरी की सूचना पर कार्रवाई चल रही है। सर्चिंग की जा रही है। APR कॉलोनी कटंगा निवासी भरत चिनानी और सुरेश हथवानी शक्कर व तेल के थोक व्यापारी हैं। इनकी सप्लाई महाकौशल और भोपाल तक होती है। ये सीधे शुगर मिल से माल खरीदते हैं।
नरसिंहपुर में शुगर मिल में दबिश
आयकर विभाग की एक टीम नरसिंहपुर स्थित महाकौशल शुगर मिल में भी दबिश देने पहुंची। ये शुगर मिल नवाब रजा की है। वहां पर टीम ने भरत चिनानी व सुरेश हथवानी द्वारा दिए गए ऑर्डर संबंधी दस्तावेज खंगाले। दरअसल, दोनों व्यापारी टैक्स बचाने के लिए नौकरों के नाम से सप्लाई मंगाते थे। उनके नौकरों के नाम पर इन्वॉइस बनती थीं। छापे के दौरान ऐसे कई इन्वाॅइस टीम के हाथ लगे हैं।
जबलपुर में आठ स्थानों पर दबिश
आयकर इंवेस्टिगेशन विंग व्यापारियों के घर, गोरखपुर, घंटाघर, नया मोहल्ला ओमती, गुरंदी सहित आठ स्थानों पर सर्चिंग में जुटी रही। इसके अलावा नरसिंहपुर और भोपाल में भी कई जगह सोमवार देर रात तक कार्रवाई जारी थी। घर और कार्यालय से बड़ी मात्रा में व्यापार संबंधी दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क जब्त हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये 100 करोड़ से अधिक टैक्स चोरी का मामला है।
ज्वेलरी का आकलन कराने सराफा व्यापारी को बुलाया
छापे के दौरान शक्कर व्यापारी के घर टीम को बड़ी मात्रा में गोल्ड, हीरा सहित अन्य ज्वेलरी मिली है। जिसकी कीमत का आकलन करने के लिए सराफा कारोबारी जयंत कुमार पारिख को बुलाया गया था। वे गोल्ड का वैल्यूएशन कर निकल गए। प्रारंभिक आकलन में 100 करोड़ से अधिक के टैक्स चोरी की बात सामने आई है। हालांकि अधिकारियों ने कार्रवाई पूरी होने के बाद ही कुछ बताने की बात कही है।

