MP में 17 हाईवे पर नहीं देना होगा टोल टैक्स
भोपाल. MP में 17 मार्गों पर अब निजी वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना होगा। अब इन मार्गों पर सिर्फ व्यावसायिक वाहनों से ही टोल लिया जाएगा। वहीं PEB का नाम बदलकर कर्मचारी चयन बोर्ड किया जाएगा। नर्मदा एक्सप्रेस-वे बनाने काे लेकर सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी गई। ये फैसले शुक्रवार को शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए। बैठक में मप्र सड़क विकास निगम के तहत 17 मार्गों पर यूजर्स फ्री कलेक्शन टोल टैक्स लेने की मंजूरी दी गई। इसके अलावा एमपी स्टार्टअप नीति-2022 को भी मंजूरी दी है। कोरोना पीड़ित होने की वजह से सीएम शिवराज ने बैठक में वर्चुअली हिस्सा लिया।
नर्मदा एक्सप्रेस-वे को स्वीकृति दी
कैबिनेट बैठक में नर्मदा एक्सप्रेस-वे को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई। राज्य सरकार के प्रवक्ता और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि नर्मदा एक्सप्रेस-वे के लिए भारत माला परियोजना के अंतर्गत प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा गया है। यमुना एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर बनने वाले नर्मदा एक्सप्रेस-वे को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। कबीर चबूतरा से शुरू होने वाला यह एक्सप्रेस-वे अमरकंटक से प्रारंभ होकर झाबुआ (मध्य प्रदेश-गुजरात की सीमा) तक रहेगा। मध्यप्रदेश सरकार का मानना है कि यह प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

