MP के रहने वाले ‘मिर्जापुर’ के आर्टिस्ट ब्रह्मा मिश्रा ने कहा अलविदा, फिल्म ‘मांझी’ से मिली पहचान
रायसेन. वेब सीरीज (मिर्जापुर) के आर्टिस्ट ब्रह्मा मिश्रा मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के रहने वाले थे, उनका शव गुरूवार को मुंबई के फ्लैट में मिला। यह खबर जैसे ही रायसेन में फैली वहां उनके दोस्तों और चाहने वालों में शोक की लहर छा गई। ब्रह्मा मिश्रा यहीं पले-बढ़े और स्कूली शिक्षा भी हुई। 30 नवंबर को उनका जन्मदिन भी था। पढ़ाई के दौरान वह रंगमंच से जुड़े थे, कॉलेज में जब भी कोई कार्यक्रम होता था तो वह जरूर हिस्सा लेते थे। रंगमंच से जुड़कर वह अपने हुनर को तराशने में जुट गए।
फिल्म ‘मांझी’ ने दिलाई पहचान
इस हुनर में चार चांद लगाने के लिए उन्होंने FTII पुणे से दो साल का कोर्स किया। साल 2009 में मुंबई के लिए रवाना हो गए। शुरुआती दौर में उन्होंने काफी उतार चढ़ाव देखें, लेकिन एक्टिंग के बल पर बॉलीवुड में अपने हुनर का लोहा मनवा दिया। अब उन्हें काम मिलना शुरू हो गया था। साल 2013 में इनकी पहली फिल्म ‘चोर-चोर सुपर चोर’ आई। इसमें उन्होंने बाबा का किरदार निभाया था। हालांकि, इस फिल्म में से वो अपनी पहचान नहीं बना पाए। साल 2015, में आई फिल्म ‘मांझी’ में भूरा के किरदार ने इन्हें बॉलीवुड में एक पहचान दिलाई। इसके बाद तो इनके पास बड़ी फिल्मों की झड़ी लग गई।
जन्मदिन से बात नहीं हो पा रही थी
दो हफ्ते पहले ही वह अपनी शाॅर्ट फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद रायसेन से मुंबई गए थे। रायसेन निवासी ब्रह्मा मिश्रा के बचपन के दोस्त मयंक चतुर्वेदी ने नम आंखों से अपने दोस्त को अपने बीच में नहीं होने की बात बताई। उन्होंने कहा कि मिश्रा हर समय रायसेन के लोगों के विषय में चर्चा करते थे और रायसेन को हमेशा आगे बढ़ाने की सोचते थे। उनका कहना है कि इनका 30 नवंबर को जन्मदिन था। उस दिन हमने इन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए कॉल किया था, लेकिन उस दिन से उनका कॉल नहीं लगा।

