MP के 122 नागरिक यूक्रेन में फंसे, निकासी के किए जा रहे हैं प्रयास
भोपाल. यूक्रेन में मध्य प्रदेश के 122 नागरिकों के होने की सूचनाएं सीएम हेल्पलाइन पर सरकार को मिली है। भारतीय दूतावास इन सभी की सुरक्षित निकासी के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए जो सलाह जारी की गई है उसके बारे में संबंधितों को बातया गया है और कहा गया कि दूतावासों के मार्गदर्शन में ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही करें।
अपर मुख्य सचिव गृह डा.राजेश राजौरा ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर लगातार मध्य प्रदेश के व्यक्तियों के यूक्रेन में होने की सूचनाएं मिल रही हैं सभी सुरक्षित हैं। भारतीय दूतावास वारसा द्वारा हंगरी तथा रोमानिया से निकासी के लिए सीमा पोस्ट ऊझोरोड और चेरनेविस्टी तथा कीव पोलेंड से निकासी के लिए सीमा पोस्ट क्रकोविच द्वारा सलाह के बारे में बताया गया है। भारी गोलाबारी को ध्यान में रखते हुए सभी से कहा गया है कि दोनों दूतावास द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षा को ध्यान में रखें।
मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
शहडोल जिले के बुढार क्षेत्र निवासी दो चचेरे भाई ऋषिकेश त्रिपाठी व इशांक त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर वापस लौटने की इच्छा जताई है। बच्चों के बड़े पिता डा. मदन त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलकर बच्चों को सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। शिवराज ने भी मदद करने की बात कही है।

