CNGवाहन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल-डाॅ शोभा सिकरवार
नगर निगम द्वारा क्रय किए गए 36 नवीन वाहन, अतिथियों ने पूजन कर किया निगम बेडे में शामिल
ग्वालियर नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता के कार्यों को गति प्रदान करने एवं प्रदूषण कम करने के उददेश्य से क्रय किए गए वाहनों से जहां निगम अमला तकनीकि एवं संसाधनों की ओर से मजबूत होगा, वहीं सीएनजी टिपर वाहनों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल होगी। उक्ताशय के विचार महापौर डा शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने आज नगर निगम द्वारा क्रय किए गए 36 नवीन वाहनों के पूजन अवसर पर व्यक्त किए। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, निगमायुक्त किशोर कन्याल, अपर आयुक्त आर के श्रीवास्तव, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, सिटी प्लानर पवन सिंहल, सहायक सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, कार्यशाला प्रभारी शैलेन्द्र सक्सैना सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा 15वें वित आयोग से प्राप्त राशि से 2 करोड 18 लाख 34 हजार 800 रुपए से 2 नग 3डीएक्स एक्सकेवेटर कम लोडर मशीन, 4 नग बडे डम्पर 10.5 क्यूबिक मीटर क्षमता के एवं 2 नग मिनी डम्पर 5 क्यूबिक मीटर क्षमता के क्रय किए गए है। इन सभी वाहनों का उपयोग सी एंड डी वेस्ट कलेक्शन एवं डिस्पोजल प्लांट तक परिवहन के लिए किया जाएगा।
इसके साथ ही नगर निगम निधि से 1 करोड 81 लाख 16 हजार की लागत से 28 नए सीएनजी डोर टू डोर क्लोज्ड टिपर वाहन 2 क्यूबिक मीटर क्षमता के क्रय किए हैं। इनका उपयोग प्राइमरी डोर टू डोर कचरा संग्रहण के लिए किया जाएगा। निगमायुक्त ने बताया कि उपरोक्त वाहन आने के बाद नगर निगम में डोर टू डोर टिपर वाहन 238 हो जाएंगे तथा निगम बेडे में कुल वाहन 609 हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगम के अमले द्वारा अब और तेजी से स्वच्छता का कार्य किया जाएगा तथा संसाधनों की जो कमी महसूस की जा रही थी इन वाहनों के आने से अब यह कमी बहुत हद तक कम होगी। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी वाहनों का पूजन करने के बाद हरीझंडी दिखाकर रवाना किया गया।

