CM शिवराज यूनिफॉर्म सिविल कोड के पक्ष में, कहा इस कानून के तहत एक व्यक्ति एक ही शादी कर सकेगा
भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता लागू होनी चाहिए। इसके तहत एक व्यक्ति एक ही शादी कर सकेगा। मुख्यमंत्री शिवराज बड़वानी के सेंधवा में चाचरिया गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी सभा में उन्होंने यह बयान दिया, जिसके बाद सियासत गर्मा गई। कांग्रेस ने इसे चुनावी प्रोपेगैंडा करार देते हुए कहा कि BJP इसे चुनाव तक याद रखेगी, चुनाव बाद भूल जाएगी।
CM ने कहा कई बार बड़े खेल हो जाते हैं। खुद जमीन नहीं ले सकते तो किसी आदिवासी के नाम से जमीन ले ली। कई बदमाश ऐसे भी आ गए जो आदिवासी बेटी से शादी करके जमीन उसके नाम से ले लेते हैं। कई तो सरपंची का चुनाव लड़वा देते हैं। शादी कर ली, तुम सरपंच बन जाओ और मैं पैसा खा जाऊं। अब मामा ऐसे लोगों को लटकाएगा, छोड़ेगा नहीं। आज मैं जागरण की अलख जगाने आया हूं। बेटी से शादी की और जमीन ले ली। मैं तो इस बात का पक्षधर हूं कि भारत में अब समय आ गया है एक समान नागरिक संहिता लागू होनी चाहिए। एक से ज्यादा शादी क्यों करे कोई। एक देश में दो विधान क्यों चले, एक ही होना चाहिए। मध्यप्रदेश में मैं कमेटी बना रहा हूं। समान नागरिक संहिता के तहत एक पत्नी रखने का अधिकार है, तो एक ही पत्नी सबके लिए होनी चाहिए। होनी चाहिए कि नहीं। बताओ होनी चाहिए कि नहीं।

