BJP विधायक का समर्थक निकला धर्मांतरण का मास्टरमाइंड
भोपाल. भोपाल के क्राइस्ट मेमोरियल स्कूल में डेढ़ साल से गरीब हिंदुओं को क्रिश्चियन बनाने का मामला सामने आया है। मुख्य आरोपी स्कूल संचालक मेनिज मैथ्यूज भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का समर्थक निकला। उसने सोशल मीडिया पर विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ के और कार्यक्रम के फोटो शेयर किए हैं। वह भाजपा के बड़े-बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होता रहा है।
पुलिस ने आरोपी मैथ्यूज पर हिंदू धर्म का अपमान करने के साथ ही लालच देकर गरीब हिंदुओं के धर्म परिवर्तन करने की धाराएं लगाई हैं। बैरागढ़ पुलिस इस मामले में अब तक आरोपी मैथ्यूज समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि किसी के साथ फोटो खिंचवाने से या मंच पर होने से वह निर्दोष नहीं होता है। राजनेताओं का सार्वजनिक जीवन होता है, जिसमें सभी लोग आते हैं। फोटो खिंचवाते हैं। भारत में किसी भी हिन्दू को जबरन ना तो मुस्लिम बनने दिया जाएगा और ना ही क्रिस्चियन। हिंदुओं के खिलाफ षड्यंत्र को बेनकाब किया जाएगा। सभी दोषियों को खिलाफ कार्रवाई होगी।
यह है पूरा मामला
दो दिन पहले बैरागढ़ पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर क्राइस्ट मेमोरियल स्कूल में छापा मारा था। इस दौरान स्कूल के हॉल में बड़ी संख्या में हिंदू लोग मिले थे। सीहोर का रहने वाला राजेश मालवीय अपनी बेटी रितिका मालवीय और अन्य लोगों के साथ उन लोगों को हिंदू धर्म को बुरा बताकर उन्हें क्रिश्चियन धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसमें राजेश, रितिका, कामिनी और पोलुस पकड़ा गया था, जबकि मैथ्यूज और राहुल फरार हो गए थे। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया था।

