BJP राजस्थान में 40 विधायकों के टिकट काटेगी
राजस्थान. गुजरात में मिली ऐतिहासिक जीत का फॉर्मूला BJP राजस्थान में भी लागू करेगी। इस फॉर्मूले ने नेताओं की अभी से धड़कनें बढ़ा दी हैं। मौजूदा 71 में से 40 विधायकों के टिकट कटेंगे। साथ ही 200 में से 100 सीटों पर नए चेहरों को मौका मिलेगा। माना जा रहा है कि गुजरात में पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम का टिकट काट दिया गया था। ऐसे में यहां भी कुछ बड़े चेहरों के टिकट कटेंगे।भाजपा के नेता-कार्यकर्ता गुजरात मॉडल को राजस्थान में उतारने की बात करते हैं। पार्टी गुजरात मॉडल को सत्ता में लौटने की सीढ़ी मानती है। आखिर क्या है भाजपा का गुजरात मॉडल और इसको राजस्थान में लागू करने में भाजपा को क्या चुनौतियां आएगी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और राजनीति के जानकारों से बात की। सामने आया कि राजस्थान में गुजरात मॉडल लागू करने के लिए भाजपा को न सिर्फ कड़ी मेहनत करनी होगी, बल्कि मौजूदा रस्साकशी से पार पाकर सबको एक साथ लेकर ऐसी प्रभावशाली कार्य योजना बनानी होगी जो उसे सत्ता में ला सके।
नए चेहरों को उतारने की चुनौती
गुजरात में जिन नेताओं की लोगों के बीच लोकप्रियता कम हो गई, उनके भाजपा ने टिकट काटकर नए चेहरे मैदान में उतारे। गुजरात मॉडल लागू करने की स्थिति में भाजपा को राजस्थान में ऐसे चेहरे उतारने की चुनौती होगी, जो जिताऊ हो। चुनौती यह है कि पिछले चुनाव में लोगों की ओर से नकार दिए गए नेता और गुटबाजी में लिप्त प्रभावशाली लोगों को किनारे कर नए चेहरों को मैदान में उतारा जाए।
बगावत रोकने की बड़ी चुनौती
गुटबाजी और नए उम्मीदवारों को लाने पर उपजे असंतोष को संभालना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी। संगठन में ऐसे कद्दावर नेता इस काम के लिए अपने आपको समर्पित करें तो ही यह संभव होगा।

