दिल्ली हिंसा के मुख्य आरोपी बंगाल से आया था अंसार, कबाड़ का काम करके जहांगीरपुरी में बनाया 5 मंजिला मकान
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस के अनुसार जहांगीरपुरी हिंसा का मुख्य आरोपी मोहम्मद अंसार है। उम्र 35, पेशा कबाड़ी, पत्नी सकीना, 3 बेटियां व दो बेटे। जहांगीरपुरी में जिस जगह हिंसा हुई वहां से कुछ 200 मीटर की दूरी पर बी-ब्लॉक में है अंसार का पांच मंजिला घर। संकरी गलियों से गुजरते हुए जब हम अंसार के घर पहुंचे तो हमें मिल गईं अंसार की पत्नी सकीना। सकीना जल्दबाजी में थी और अंसार की जमानत की जुगत में वकील से मिलने जा रही थीं।

अंसार पर कई केस दर्ज- पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार अंसार पर मारपीट के 2 मामले दर्ज है वहीं उस पर गैंबलिंग एक्ट में 5 बार केस दर्ज किया गया है और उसे एक से ज्यादा बार गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अंसार 2009 और 2018 में जेल जा चुका है। जहांगीरपुरी हिंसा मामले में दर्ज दिल्ली पुलिस की एफआईआर के अनुसार जब शोभा यात्रा सी-ब्लॉक की जामा मस्जिद के पास पहुंची तो एक शख्स अंसार अपने 4 से 5 साथियों के साथ आया और शोभा यात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लगा।
अंसार की पत्नी सकीना ने बताया कि अंसार और हमारा परिवार बी-ब्लॉक में पिछले 12 साल से रह रहे है। इसके पहले हम सी-ब्लॉक में रहा करते थे। सकीना के बात करने में बंगाली टोन साफ झलक रही थी। हमने उनसे पूछ लिया कि आप बंगाली टोन में कैसे बात कर रही है आपको बांग्ला आती है उन्होंने बताया कि वो और अंसार मूल रूप से बंगाल के रहने वाले थे और कई साल पहले वो दिल्ली आए और जहांगीरपुरी में रहने लगे।

मोहल्ले में है अंसार का रसूख
16 अप्रैल की शाम के बारे में सकीना ने बताया कि शाम करीब 6 बज रहे थे। ‘हमारा रोजा खोलने का वक्त हो रहा था। हम सब इफ्तारी की तैयारी में लगे हुए थे। अंसार भी घर में ही थे। अचानक खबर आई कि मस्जिद के पास कुछ कहासुनी हो गई है। अंसार की मोहल्ले में अच्छी पैठ है, इसलिए वो खुद झगड़ा निपटाने के लिए चले गए। थोड़ी देर बाद पता चला कि काफी बवाल हो गया है।’ सकीना की बेटी मोइना ने बताया कि ‘परसों (16 अप्रैल) रात को पुलिस आई और पापा को बात करने के लिए बुलाया। पापा ने कहा कि कुछ देर में बात करके आता हूं। जब से पुलिस के साथ पापा गए हैं, वो लौटकर घर नहीं आए।’ हमने सकीना से पूछा कि उनके पति पर आरोप है कि उन्होंने ही हिंसा भड़काई, इस पर सकीना कहती हैं, ‘हम जिस मोहल्ले में रहते हैं वहां हिंदू ज्यादा रहते हैं और मुसलमान कम। आप किसी भी हिंदू के घर जाकर मेरे पति के बारे में पूछ लो, सब उनकी तारीफ ही करते हैं।’ जब हमने बेटी मोइना से पूछा कि अंसार का गिरफ्तारी के बाद जो वीडियो आया है उसमें वो पुष्पा मूवी वाली स्टाइल में अकड़ दिखा रहे है। इसके जवाब में मोइना ने कहा- ‘वो ऐसा शायद इसलिए कर रहे होंगे ताकि उनके परिवार वाले उदास न हों और हमारा हौसला बना रहे।’

