अहमदाबाद ब्लास्ट के फांसी वाले 6 आतंकी भोपाल जेल में, मास्टरमाइंड नागौरी भी यहीं बंद
भोपाल. अहमदाबाद बम ब्लास्ट-2008 मामले में 38 आतंकियों को फांसी की सजा सुनाई गई है। इनमें से SIMI (स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) के 6 आतंकी भोपाल की केंद्रीय जेल में बंद हैं। इनमें ब्लास्ट का मास्टरमाइंड सफदर नागौरी भी शामिल है। फांसी की सजा की खबर मिलने के बाद भी नागौरी नॉर्मल दिख रहा है। उसने जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे से कहा कि संविधान हमारे लिए मायने नहीं रखता। हम कुरान का फैसला मानते हैं।
नरगावे के मुताबिक, केंद्रीय जेल भोपाल में 5 साल पहले जब नागौरी को शिफ्ट किया था, तब वह जेल अधिकारियों-कर्मचारियों को खुलेआम धमकी देता था कि तुम्हारी इतनी औकात नहीं है, जो हमें ऑर्डर करो। वह राष्ट्रीय पर्व, राष्ट्रगान के दौरान अजीब हरकतें करता है। अधिकारियों को बोलता है कि हम देशभर की जेल में घूम चुके हैं। जेल का कायाकल्प कर दूंगा…। वो कई बार भोपाल की जेल से दूसरी जेल में शिफ्ट करने के लिए कोर्ट में पिटीशन भी लगा चुका है। उसे भोपाल जेल में अलग बैरक में रखा जाता है। नागौरी प्रतिबंधित संगठन स्टुडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ़ इंडिया (SIMI) का राष्ट्रीय महासचिव रहा है।
भोपाल जेल में बंद इन आतंकियों को मिली है सजा
सफदर नागौरी (फांसी)
शिवली (फांसी)
शादुली (फांसी)
आमिल परवेज (फांसी)
कमरुद्दीन नागौरी (फांसी)
हाफिज (फांसी)
अंसाब (उम्रकैद)
100 से अधिक अपराध हैं नागौरी के नाम पर
सफदर नागौरी उज्जैन के महिदपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता क्राइम ब्रांच के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रहे हैं। साल 2001 में SIMI पर प्रतिबंध लगने के बाद नागौरी अंडरग्राउंड हो गया था। उज्जैन के महाकाल पुलिस थाने में नागौरी के खिलाफ 1997 में पहला मुकदमा दर्ज किया गया। उसे 11 दिसंबर, 2000 को भगोड़ा घोषित किया गया था। देशभर में नागौरी के खिलाफ 100 से अधिक अपराध दर्ज हैं। वर्ष 2008 में अहमदाबाद में हुए एक के बाद एक बम धमाकों का वह मास्टरमाइंड था। 26 जुलाई 2008 को हुए इन धमाकों में 57 लोगों की मौत हुई थी। इसमें सफदर नागौरी की बड़ी भूमिका थी। नागौरी को पुलिस ने 26 मार्च 2008 को इंदौर के संयोगितागंज के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। अभी भोपाल की जेल में SIMI के 24 आतंकी बंद हैं।