अंबेडकर प्रतिमा विवाद-दामोदर यादव की पदयात्रा की अनुमति निरस्त, पदयात्रा को रोकने के लिये सिंध नदी पर बैरिकेडिंग और 500 से ज्यादा जवान तैनात
ग्वालियर. आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर ग्वालियर और दतिया जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हाईकोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की घोषण के बाद निकाली जा रही इस पदयात्रा को रोनके लिये प्रशासन ने सिंध नदी पर भारी बैरिकेडिंग कर दी है। बिना पूर्व अनुमति के ग्वालियर की सीमा में प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अनुमति निरस्त, सुरक्षा बल तैनात
प्रशासन ने दतिया के गोराघाट और ग्वालियर के डबरा में प्रस्तावित सभाओं की अनुमति निरस्त कर दी गयी है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिये सिंध नदी पुल और सीमावर्ती इलाकों मेंु 500 से अधिक पुलिस जवानों की तैनात की गयी है। एएसपी देहात जयराज कुबेर मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की संभाल रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने बुधवार को चैकिंग पॉइंट का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात बल को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त न किया जाए। राजनीतिक दल के आह्वान के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि राजनीतिक दल द्वारा प्रतिमा स्थापना के संवेदनशील मुद्दे पर बिना अनुमति पदयात्रा निकाली जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमति निरस्त होने के बाद किसी भी व्यक्ति या समूह को जिले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

