400 लोगों का रेस्क्यू, बाढ़ में फंसे लोगो का एयरलिफ्ट किया जायेगा
ग्वालियर. विमानतल से एनडीआरएफ का यह दल 2 टीमों में बंटकर हेलीकाप्टर से लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम करेगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में जल भराव से प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिये हैं। इसके बाद जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चला रहा है।
इधर, भोपाल एसडीईआरएफ की टीम ग्वालियर पहुंच गयी है। पहली टीम नंदू का डेरा में बचाव कार्य में जुट गयी है। दूसरी टीम ने हनुमान कॉलोनी का रेस्क्यू पूरा कर लिया है। इस बीच 50 से 60 लोगों को बाहर निकाल लिया है।
दो गांवों से 400 लोगों का रेस्क्यू
डबरा के पास स्थित सेहराई और नंदू का डेरा गांव से एसडीईआरएफ ने बुधवार को देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दोनों गांवों से टीम ने लगभग 400 लोगों का रेस्क्यू किया है। इसकी पुष्टि ऑपरेशन को लीड कर रहे सौरभ सिंह ने की है। उन्होंने बताया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है। नंदू के डेरा गांव से लगभग 250 और सेहराई गांव से 150 ग्रामीणों को बाढ़ के पानी से सुरक्षित निकाला जा चुका है।
सेकरा गांव में फंसे 12 लोगों को सुरक्षित निकाला
डबरा के सिरसा पंचायत के सेकरा गांव में जलभराव होने से 12 लोग फंसे हुए थे। तहसीलदार अनिल नरवारिया ने बताया कि गांव के कई परिवारों को बोट के जरिए खेड़ी रायमल के रास्ते सुरक्षित निकाला गया है। एसडीईआरएफ की टीम के साथ तहसीलदार वोट पर सवार होकर बचाव कार्य में जुटे हैं।
डबरा का 60 गांवाें से सड़क संपर्क टूटा
डबरा का पिछोर सहित क्षेत्र के करीब 60 गांवाें से सड़क संपर्क टूट गया है। डबरा-पिछोर के बीच धई गांव में बरसाती नदी का पानी पुल के करीब डेढ़ फीट ऊपर बह रहा है। पिछोर-जंगीपुर के बीच छछूंद नदी बुधवार शाम से उफान पर है। पानी पुल के करीब चार फीट ऊपर से बह रहा है। इस वजह से क्षेत्र के करीब 35 गांवों का पिछोर से संपर्क टूटा है।
राहत कैंपों में पर्याप्त मात्रा में भोजन और दवाएं
कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगरीय निकायों और जनपद पंचायत की टीमों ने पिछली रात राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामीण अंचल में अलग-अलग जगहों से इन टीमों ने एसडीईआरएफ के सहयोग से 400 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत कैंपों में पहुंचाया है। सभी राहत कैंपों में पर्याप्त मात्रा में भोजन और दवाएं उपलब्ध हैं।

