30 फीट गहरी नदी में गिरी बस,7 सिख श्रद्धालुओं की मौत, 22 से ज्यादा घायल
हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग में शनि एक बस अनियंत्रित होकर पुल से 30 फीट नीचे नदी में गिर गई। 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 22 से ज्यादा लोग घायल हैं। बस में 52 लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल में एडमिट कराया गया है। मृतक और घायल गिरिडीह के बताए जा रहे हैं। बस में सभी सिख समुदाय के लोग थे। बस से गिरिडीह से रांची के रातू रोड स्थिति गुरुद्वारा में आयोजित धार्मिक कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हजारीबाग में सिवाने नदी पर हादसा हो गया। नदी में पानी कम था। शव बस में फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद गैस कटर से बस की बॉडी काटकर शवों को निकाला गया। ड्राइवर और एक बच्चे की स्थिति गंभीर है। दोनों को रिम्स रेफर किया गया है।
प्रशासन ने निजी अस्पताल में एडमिट कराया
परिवार वालों ने आरोप लगाया कि घायलों को जब हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में लाया गया, तब यहां प्रबंधन की लापरवाही सामने आई। न ही सुपरिटेंडेंट और न ही डिप्टी सुपरिटेंडेंट अस्पताल पहुंचे। आनन-फानन में प्रशासन को गंभीर रूप से घायलों को निजी अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा। मृतकों में सुरजीत सिंहग सेवादार (43), रानी कौर सलूजा (70) कमलजीत कौर (45), जगजीत कौर (70), शिवा (20), रविंद्र कौर (46) और अमृत पाल अरोड़ा (22) हैं।

