Newsमप्र छत्तीसगढ़

ग्वालियर में पहली बार होगा व्हीलचेयर अल्टिमेट टूर्नामेंट

टूर्नामेंट में भाग लेने 10 पुरुष एवं 4 महिला टीमें ग्वालियर आईं
ग्वालियर। अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण संस्थान में आज से उमंग स्पोर्ट्स द्वारा राष्ट्रीय व्हीलचेयर अल्टिमेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। देश में उपरोक्त खेल का यह पहला राष्ट्रीय आयोजन है। इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से 10 पुरुष एवं 4 महिला टीमें ग्वालियर आ चुकी हैं। टूर्नामेंट के मैच शुक्रवार की सुबह 8 बजे से आरंभ हो जाएंगे। ओपनिंग सेरेमनी सुबह 11 बजे होगी।
उमंग फाउंडेशन के फाउंडर एवं टूर्नामेंट के कोऑर्डिनेटर आदित्य केवी ने बताया कि पुरुष वर्ग में दिल्ली, हरियाणा, एमपी, यूपी, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात के साथ भारत की टीमें भाग लेंगी। इसी तरह महिला वर्ग में दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड की टीमें इस टूर्नामेंट में शिरकत करेंगी। पूरे टूर्नामेंट में कुल 40 मैच होंगे। राउंड रॉबिन के बाद 2 सेमीफाइनल एवं 14 मार्च को फाइनल खेला जाएगा।
क्या होता है व्हीलचेयर अल्टिमेट गेम
व्हीलचेयर अल्टिमेट मुख्य रूप से शारीरिक रूप से अक्षम (दिव्यांग) व्यक्तियों के लिए डिजाइन किया गया एक तेज गति वाला, समावेशी और टीम गेम है, जिसे एक उड़न तश्तरी के साथ खेला जाता है। यह व्हीलचेयर बास्केटबॉल एवं व्हीलचेयर रग्बी से मिलता-जुलता है। एक टीम में 4 खिलाड़ी खेलते हैं। किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर दो खिलाड़ी रिजर्व में तैयार रहते हैं।
10 गोल या 40 मिनट की समय सीमा
यह गेम आमतौर पर 2 हाफ में होता है और 10 गोल या 40 मिनट की समय सीमा (जो भी पहले हो) के साथ खेला जाता है। यह दिव्यांग एथलीटों द्वारा बनाया गया एक खेल है, जिसे अब विश्वस्तर पर मान्यता मिल रही है। व्हीलचेयर अल्टिमेट में अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए भारत का चयन हुआ था लेकिन समय पर वीजा नहीं मिलने के कारण टीम खेलने नहीं जा पाई थी।
________________________________________

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *