उपद्रवियों द्वारा गोलीबारी में असम पुलिस के 6 जवानों की मौत, एसपी समेत 50 कर्मी गोलीबारी व पथराव में घायल
गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा गोलीबारी की गई इस गोलीबारी में असम पुलिस के 6 कर्मियों की मौत हो गई।
सीमा पार से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच जंगल में मौजूद असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कछार के एसपी निंबालकर वैभव चंद्रकांत समेत कम से कम 50 कर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल हो गए। अहम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया और बताया कि मुझो सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के 6 बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। शांक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।
गृहमंत्री अमित शाह ने मिजोरम के सीएम से बात की
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने असम और मिजोरम के सीएम से दोनों राज्यों के बीच चल रहे सीमा विवाद पर बात की और उनसे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जानकारी के अनुसार असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के सीएम जोरमथंगा के साथ टेलीफोन पर अलग-अलग बातचीत के दौरान गृहमंत्री शाह ने उनसे अंतरराज्यीय सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा।
गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि सीमा विवाद को आपसी सहमति से हल करें। दोनों मुख्यमंत्रियों ने गृहमंत्री को आश्वासन दिया है कि शांति सुनिश्चित करने और सीमा मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जानकारों के अनुसार दोनों राज्यों के पुलिसबलों के विवादित स्थल से लौटने की उम्मीद है हालांकि संघर्ष के बाद विवादित असम-मिजोरम सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।

