मप्र के सबसे भ्रष्ट आईएएस अधिकारी दंपति की 100 से अधिक संपत्तियां कुर्क होगीं
भोपाल. मध्य प्रदेश के बर्खास्त आईएएस अरविंद जोशी और टीनू जोशी की 100 से ज्यादा संपत्तियां कुर्क की जाएंगी। जानकारी के अनुसार बेनामी प्राधिकरण ने संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया है। संपत्ति न कुर्क हो इस संबंध में अरविंद जोशी और टीनू जोशी की तरफ से लगाई गई याचिकाओं को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया है। बेनामी प्राधिकरण से ओदश मिलने के बाद लगभग 50 करोड़ की 200 एकड़ भूमि, आवासीय भूखंड, फ्लैट आदि को अब आयकर विभाग नीलाम करने की कार्रवाई करेगा।
फेथ क्रिकेट अकादमी की भी कई जमीन शामिल
इसमें फेथ क्रिकेट अकादमी की भी कई जमीन शामिल हैं। ये संपत्ति जोशी परिवार से अनुबंध के आधार पर फेथ क्रिकेट अकादमी ने ली थी। जोशी दंपति ने संपत्तियां अवैध कमाई से माता-पिता, एनआरआई बहनों और नौकरों के परिजनों के नाम पर खरीदी थी। बेनामी संपत्ति मामले में यह सेंट्रल इंडिया की यह सबसे बड़ी कार्रवाई भी मानी जा रही है। बता दें कि फरवरी 2010 में आयकर विभाग ने जोशी परिवार के सरकारी आवास पर छापेमारी कर 3 करोड़ रुपए जब्त किए थे साथ ही आयकर विभाग को कई अवैध संपत्तियों के दस्तावेज भी हाथ लगे थे इसके बाद से आईएएस अरविंद जोशी और टीनू जोशी को बर्खास्त कर दिया था तभी से मामले में जांच हो रही थी।