ऊर्जा मंत्री ने शिविर लगाकर की जन-सुनवाई में 500 हितग्राही लाभान्वित

ग्वालियर – ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय क्र-3 पर शिविर लगाकर जन-सुनवाई की। उन्होंने जन-सुनवाई में बड़ी संख्या में पहुँचे लोगों के बीच पहुँचकर उनकी समस्यायें सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवेदनों का निराकरण कराया। जन-सुनवाई में शहर के वार्ड क्र.-7, 8 व 9 की विभिन्न बस्तियों मसलन गोसपुरा नं.-1, लधेड़ी, मदनपुरा, लूटपुरा, रानीपुरा, भीकमनगर, प्रेमनगर, न्यू ग्रेसिम विहार, सतीविहार, पीताम्बरा कॉलोनी, वैष्णो विहार एवं गदाईपुरा सहित क्षेत्र की अन्य बस्तियों से आए लोगों की समस्याओं का निराकरण किया गया।
जन-सुनवाई का लगभग 500 हितग्राहियों ने लाभ उठाया। इस अवसर पर कामकाजी एवं हाथ ठेला के लगभग 150 हितग्राही व राशन की पात्रता पर्ची के 104 हितग्राही लाभान्वित कराए गए। साथ ही 61 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा 41 आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को मिले, इस उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों पर जन-सुनवाई की जा रही है। हमारा प्रयास है कि समस्याओं का आंकडा शून्य तक पहुँचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-सुनवाई में प्राप्त हुई शतप्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *