MP में मतदान के दिन सील रहेंगी अंतरराज्यीय सीमा

भोपाल. शांतिपूर्ण एवं प्रलोभन मुक्त चुनाव के लिए मतदान के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम करें। मतदान के दिन अंतरराज्यीय सीमा सील किया जाए। सीमावर्ती जिलों के बीच अपराधियों और असामाजिक तत्वों को लेकर जानकारी साझा की जाए। यह निर्देश मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को सभी प्रदेशों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशकों के साथ हुई वर्चुअली बैठक में दिए। इसमें प्रदेश से मुख्य सचिव वीरा राणा, पुलिस महानिदेशक सुधी कुमार सक्सेना, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी डर या भय के अपने मतदान के अधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए सभी कदम उठाए जाएं। स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भय-मुक्त चुनाव के लिए अपने संकल्प को ठोस कार्रवाई में बदलें। पड़ोसी राज्यों के बीच बेहतर समन्वय हो। सुरक्षा बल सभी राज्यों को पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराया गया है। अंतर्राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर एकीकृत जांच चौकियां हों।
अंतिम 48 घंटों के दौरान फर्जी मतदान को रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं को सील किया जाए। राज्य पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय सीमावर्ती जिलों पर गश्त तेज की जाए।सीमावर्ती जिलों में शराब की दुकानों की औचक जांच करें। लाइसेंसी हथियारों को समय पर जमा करना और गैर जमानती वारंटों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। खतरे की आशंका के आधार पर उम्मीदवारों और राजनीतिक पदाधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। अवैध शराब, नकदी, नशीली दवाओं के प्रवाह को रोकने के लिए पुलिस, आबकारी, परिवहन, जीएसटी एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *