चीनी ऐप्स पर भारत ने लगाई पाबंदी, 59 चायनीज ऐप्स पर प्रतिबंध
नई दिल्ली. केन्द्र सरकार ने चीन के 59 ऐप्स पर सोमवार को प्रतिबंध लगा दिया। इस सूची में टिक टॉक, यूसी ब्राउजर, हैलो और शेयर इट जैसे ऐप्स शामिल हैं। सरकार ने कहा है कि इन चायनीज ऐप्स के सर्वर भारत से बाहर मौजूद हैं। इनके माध्यम यूजर्स का डेटा चुराया जा रहा था। इनसे देश की सुरक्षा और एकता को भी खतरा था। इसी वजह से प्रतिबंध करने का फैसला लिया गया।
रेलवे-बीएसएनएल ने भी चीनी कंपनियों के साथ करार रद्द किया था
रेलवे ने चीन की कंपनी से 471 करोड़ रुपए का करार रद्द कर दिया था। इसके साथ ही भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने 4जी संसाधनों को अपग्रेड करने के लिए चीन के प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला किया था। यह भी कहा जा रहा है कि भारत सरकार चीन से आयात किए जाने वाले कई प्रोडक्ट्स पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा सकती है। आने वाले दिनों में चीन के साथ हुए और भी करार रद्द किए जा सकते हैं।