कंप्यूटर बाबा के अवैध आश्रम पर चला बुलडोजर, विरोध करने पर बाबा गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
इंदौर. जिला प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए ग्राम जमूडी हपसी में नामदेवदास त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। इंदौर में कंप्यूटर बाबा के आश्रम से अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान ही हथियार भी बरामद किए गए है। पुलिस ने आश्रम से 315 बोर की एक राइफल और एक एयरगन भी बरामद की है। दोनों हथियारों को पुलिस हिरासत में रखा गया है इसके साथ ही पुलिस ने कंप्यूटर बाबा के बैंक खातों की जानकारी भी निकाली है, उनकी खोजबीन जारी है।
46 एकड़ जमीन पर अवैघ रूप से बनया गया था
गोम्मटगिरी स्थित आश्रम को बाबा द्वारा 46 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से बनया गया था जिस पर प्रशासन ने एक्शन लेते हुए अतिक्रमण को हटाया और बाबा सहित 6 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देशन में एडीएम अजय देव शर्मा सहित पुलिस अधिकारियों की टीम आज सुबह की कार्रवाई करने पहुंच गई थी।
2 अन्य जगहों पर भी अवैध कब्जा करने की जानकारी मिली
अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम ने विवाद की आशंका में आज रविवार सुबह ही 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था और अब कंप्यूटर बाबा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने अवैध आश्रम को ध्वस्त कर दिया इसके साथ ही 2 अन्य जगहों पर भी अवैध कब्जा करने की जानकारी सामने आई है।
दो महीने पहले नोटिस भेजा था
हातोद तहसील के जमूडी हपसी गांव की सरकारी जमीन नं. 61/1 और 610/2 पर कंप्यूटर बाबा ने अवैध आश्रम बना रखा था। यहां की 2 एकड़ भूमि पर निर्मित आश्रम अतिक्रमण कर बनाया गया था। एसडीएम शाश्वत शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने इस मामले में 2 महीने पहले नोटिस भेजा था जिसमें जमीन को जल्द से जल्द खाली करने की बात कही गई थी।
इस जगह पर गौशाला का निर्माण किया जाएगा
प्रशासन के नोटिस के बाद भी बाबा ने अतिक्रमण नहीं हटाया जिसके बाद नगर निगम की टीम ने जिला प्रशासन के साथ कार्रवाई की। अतिक्रमण वाली जमीन की कीमत 80 करोड़ रुपये बताई है। वहीं इस जगह पर अब गौशाला का निर्माण किया जाएगा। जिला प्रशासन इस जगह को धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करेग जिसे लेकर पर पहले ही प्लान बनाया जा चुका है।
अनेक बैंक अकाउंट की जानकारी भी मिली
जिला प्रशासन को कंप्यूटर बाबा के संबंध में निरंतर शिकायतें मिल रही थी जिनमें आश्रम की अवैध जमीन, सुपर कॉरिडोर में वन क्षेत्र पर अवैध कब्जे के साथ ही एयरपोर्ट क्षेत्र में भी कई विवादित जमीनों पर कब्जा किया गया था। प्रशासन को कंप्यूटर बाबा के अनेक बैंक अकाउंट की जानकारी भी मिली है जिनमें असामान्य रूप से राशियां जमा की गई है जिनकी जांच भी की जा रही है, मामले में आयकर विभाग को भी शामिल किया जाएगा।