3 जवान शहीद, बारामूला में आतंकियों ने पुलिस व सीआरपीएफ पर किया हमला
बारामूला. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में शनिवार की शाम बड़ा आतंकी हमला हुआ। आतंकवादियों ने पुलिस और सीआरपीएफ की ज्वाइंट नाका पार्टी को निशाना बनाया। इसमें 3 जवान शहीद हो गए जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हफ्ते में यह तीसरा मौका है जब आतंकियों ने जवानों को निशाना बनाया है।
घायल हुए जवानों की हालत स्थिर
हमले के बाद सेना ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। सीआरपीएफ के पीआरओ पंकज सिंह ने तीन जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है और कहा कि तीन के अलावा किसी और जवान के शहीद होने की बात निराधार है। सीआरपीएफ की ओर से जारी सूचना के अनुसार हमले में शहीद जवान राजीव शर्मा बिहार के वैशाली से थे उनकी उम्र 42 साल थी दूसरे जवान सीबी भाकरे महाराष्ट्र के बुलढ़ाना से थे। वह 38 साल के थे और सबसे कम 28 साल के परमार सत्यापाल सिंह गुजरात साबरकांठा से थे। हमले में घायल हुए दूसरे सीआरपीएफ जवानों की हालत स्थिर है।

