हलचल मची और नरोत्तम मिश्रा की पुकार लग गई, 45 मिनट तक गृहमंत्री अमित शाह चर्चा हुई
भोपाल. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के यहां बेटे की शादी के रिसेप्शन था और कार्यक्रम स्थल पर कोने में वीआईपी लाउंज बना था जो ऐसा लग रहा था कि पहले से ही किसी रणनीति के लिहाज से बनाया गया हो। देर रात 9.15 बजे जैसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रिसेप्शन में पहुंचे वैसे ही हलचल मची और सुरक्षा घेरे ने उस वीआईपी लाउंज को चारों तरफ से कवर कर लिया। वीआईपी लाउंज में सबसे पहले अंदर आए अमित शाह, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह तोमर सोफे पर बैठते ही गृह मंत्री अमित शाह ने धर्मेंद्र प्रधान को बुलवाया।
नरोत्तम मिश्रा को ढूंढकर वीआईपी लाउंज में लाया गया
लगभग 10 मिनट की चर्चा के बाद दोबारा फिर हलचल मची और नरोत्तम मिश्रा की पुकार लग गई। पांच मिनट के अंतराल से नरोत्तम मिश्रा को ढूंढकर वीआईपी लाउंज में लाया गया उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर भी थे फिर चला बातचीत का सिलसिला। लगभग 45 मिनट तक मध्य प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात पर नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने बिन्दुवार अपनी बात रखी। इस घटनाक्रम में रिसेप्शन में ही थोड़ी दूर दूसरी टेबल पर अन्य नेताओं के साथ मौजूद पार्टी के संगठन महामंत्री सुहास भगत सारे घटनाक्रम का नजारा दूर से देखते रहे।

