सिंधिया के पसंदीदा अफसर संदीप माकिन फिर ग्वालियर लौटे
भोपाल. शिवराज सरकार बननने के चौथे ही दिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की पसंद के अफसरों की तैनाती का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्वालियर नगर निगम में संदीप कुमार माकिन को आयुक्त बनाया है। माकिन को राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कमलनाथ सरकार ने हटा दिया था। इस कदम को सिंधिया की पसंद के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई से जोड़कर देखा गया था। वहीं ई-टेंडरिंग घोटाले सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की जांच देख रहे ईओडब्ल्यू (राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) के पुलिस अधीक्षक, भोपाल अरूण कुमार मिश्रा को भी हटाकर मंडला में उपसेनानी 35वीं वाहिनी में पदस्थ किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में कमलनाथ के भरोसेमंद अफसर उपसचिव अनुराग सक्सेना को हटाकर उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री की निजी स्थापना में विशेष सहायक बनाया गया है।
फिर संदीप माकिन को ग्वालियर नगर निगम आयुक्त बनाया
सिंधिया से तकरार बढ़ने के बाद कमलनाथ सरकार ने ग्वालियर और गुना कलेक्टर के साथ ग्वालियर नगर निगम आयुक्त को हटाकर संदेश देने का काम किया था। श्विराज सरकार ने गुरूवार को ग्वालियर नगर निगम आयुक्त पद से हटाए गए संदीप कुमार माकिन के 8 दिन पहले के तबादला आदेश को निरस्त कर दिया है साथा ही जबलपुर के अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित का तबादला भी निरस्त हो गया है। इन्हें माकिन की जगह ग्वालियर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया था।
एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में गृह विभाग ने राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल के पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार मिश्रा की संवाएं सामान्य प्रशासन विभाग से वापस ले ली और उन्हें उप सेनानी 35वीं वाहिनी मंडला पदस्थ किया है। मिश्रा ई-टेंडरिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण जांचों को देख रहे थे। पिछले दिनों ग्वालियर के सुरेंद्र श्रीवास्तव ने सिंधिया पर जमीन की हेराफेरी के आरोप लगाते हुए ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई थी।

