निगम का अमला पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे .निगम प्रशासक
ग्वालियर नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये किए जा रहे कार्यों में नगर निगम अमले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निगम के अधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। इस आपात की स्थिति में शहर की जो भी समस्यायें सामने आती हैं उनका निराकरण निगम का अमला तत्परता से करना सुनिश्चित करे। संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक एमबी ओझा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में नगर निगम अमले की बैठक लेकर उक्त निर्देश दिए।
जनता की जो भी शिकायतें सफाई, पानी, सीवर एवं विद्युत के संबंध में प्राप्त होती हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निगम का अमला 24 घंटे अपना मोबाइल चालू रखे। सभी अधिकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी निराकरण अपने अधीनस्थ अमले से कराए। उन्होंने बैठक में यह भी कहा कि सफाई कार्य में लगे अमले की मॉनीटरिंग सभी अपर आयुक्त अपने स्तर पर नियमित रूप से करें। इसके साथ ही सीवर समस्या का निराकरण भी निर्धारित समय में किया जाना चाहिए।
संभागीय आयुक्त ने बैठक में पेयजल वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। जिन क्षेत्रों में ट्यूबवेल के माध्यम से पानी का वितरण किया जा रहा है वहां पर ट्यूबवेल ठीक से संचालित हों, कहीं पर भी मोटर खराब होने की सूचना प्राप्त होती है तो 24 घंटे में मोटर बदलने का कार्य किया जाए। इसी प्रकार स्ट्रीट लाईट के संबंध में भी जो शिकायतें प्राप्त हों उसे तत्परता से निराकृत किया जाए।
नगर निगम के प्रभारी आयुक्त अनूपकुमार सिंह ने भी निगम के सभी अधिकारियों को कहा है कि कोरोना वायरस के कारण शहर को लॉकडाउन किया गया है। ऐसे समय में निगम की सभी सेवायें बेहतर ढंग से लोगों तक पहुँचें, यह सुनिश्चित किया जाए। निगम के सभी अपर आयुक्त अपने.अपने क्षेत्र के सभी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ नियमित चर्चा कर कार्यों की मॉनीटरिंग करेंए लोगों को समय पर निगम की सेवायें उपलब्ध हों यह सुनिश्चित किया जाए।

