कांग्रेस दूसरी लिस्ट एक-दो दिन में जारी कर सकती है, 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय
भोपाल. मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में प्रत्याशियों के चयन के मामले में कांग्रेस भाजपा से आगे हो चुकी है। अब तक भाजपा अधिकारिक तौर पर अपने एक भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं कर सकी है जबकि कांग्रेस 15 नाम तय करने के बाद अब 12 और प्रत्याशियों के नाम तीन से चार दिन में जारी कर सकती है। पार्टी के जानकारों की बताया कि रविवार को प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ दिल्ली जाकर राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते है। ऐसे में 22 सितंबर तक 12 नामों की घोषणा किए जाने की संभावना है।
कांग्रेस के नाराज नेता और पूर्व मंत्री महेंद्र बौद्ध ने पार्टी के अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दतिया जिले की भांडेर से फूल सिंह बरैया को टिकट दिए जाने का विरोध किया है। इधर मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि नाम तय हो चुके है और जल्द ही पार्टी उनकी घोषणा कर देगी इसके साथ ही पूरी कार्यकारिणी का भी ऐलान किया जाएगा। हालांकि यह बात और है कि अभी तक नामों की घोषणा किए बिना ही उम्मीदवारों के लिए प्रचार शुरू कर दिया गया है।
ब्यावरा को छोड़कर सभी 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय
कांग्रेस ने पहली सूची में 15 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शेष 13 सीटों में से ब्यावरा को छोड़कर सभी 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए है। रविवार को दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक और पार्टी के प्रमुख नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को यह सूची देंगे उसके बाद पहले की तरह ही दिल्ली से ही एक-दो दिन में सूची जारी कर जा सकती है।