ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गौवर्धन दांगी का कोरोना से निधन, कमलनाथ ने जताया दुख
राजगढ़. कोरोना वायरस के चलते ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का निधन हो गया है। कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके निधन की जानकारी मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर दी।
तबीयत बिगड़ने पर भोपाल से दिल्ली शिफ्ट किया गया था
कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी को 8 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर भोपाल से दिल्ली शिफ्ट किया गया था। उनके निधन पर कांग्रेस ने दुख व्यक्त किया है। वहीं बीजेपी नेता कैलाश विजय वर्गीय ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनके निधन से ब्यावारा विधानसभा सीट खाली हो गई है। ऐसे में अब मध्य प्रदेश में कुल 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे।
दांगी बेहद कर्मठ जुझारू थे- कमलनाथ
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि दांगी बेहद कर्मठ जुझारू थे और अपने क्षेत्र की जनता के हितों के लिए वे सदैव संघर्षरत रहते थे। उनका जाना कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ी छति है। वहीं विधानसभा सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए जो सम्भव है जो उचित है हमने इस पर चर्चा की है।