प्रेस वार्ता में ग्वालियर में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को दी पीछे की सीट, नाराज होकर मंच पर नहीं पहुंचे
ग्वालियर. मेला मैदान स्थित फैशिलीटेशन सेंटर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं महासदस्यता अभियान में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान ग्वालियर में कांग्रेस के सदस्यता अभियान से पहले पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने बागी पूर्व विधायकों पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग पैसे के लिए बिके और ग्वालियर चंबल अंचल के मतदाताओं को धोखा दिया है।
जिनके लोगों ने 35 करोड़ रु. लिए हों वे कैसे आरोप लगा सकते है
जनता अब ऐसा विधायक चाहती है जो बिकाऊ नहीं टिकाऊ हो। वहीं सिंधिया के भ्रष्टाचार के आरोप पर जयवर्धन सिंह बोले के जिनके लोगों ने 35 करोड़ रुपए लिए हों वे कैसे आरोप लगा सकते है। कोरोना काल में भी सदस्यता अभियान के आयोजन पर उन्होंने कहा कि कोरोना की गाइडलाइन है हम इसका पालन कर रहे है। भाजपा इतने बड़े-बड़े कार्यक्रम कर रही है लेकिन आम जनता और कांग्रेसियों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है परन्तु भाजपा को कार्यक्रम की अनुमति दी जा रही है।
ग्वालियर के कांग्रेस नेता नाराज होकर चले गए
जानकारी के अनुसार भाजपा के अभियान के जवाब में कांग्रेस का सदस्यता अभियान कार्यक्रम अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे देरी तक शुरू नहीं हो सका। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ग्वालियर पहुंचे, सज्जन सिंह वर्मा और नर्मदा प्रसाद प्रजापति के आने का इंतजार हुआ। पहले सभी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की उधर प्रेस वार्ता के लिए ग्वालियर के स्थानीय नेताओं को दूसरी पंक्ति में जगह दिए जाने से नाराज होकर वे मंच पर ही नहीं पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस के शक्ल में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। वहीं गोविंद सिंह ने मीडिया से बातचीत में ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा।