एमके स्टालिन द्रमुक के नए अध्यक्ष चुने गए
चेन्नई. एमके स्टालिन को मंगलवार को द्रमुक का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। पार्टी के संस्थापक एम करूणानिधि के बाद वह दूसरे अध्यक्ष होंगे। करूणानिधि 49 वर्ष तक द्रमुक के मुखिया रहे थे।
करूणानिधि के निधन के बाद स्टालिन और उनके बड़े भाई अलागिरी में टकराव की खबरें आई थीं। पार्टी से बर्खास्त अलागिरी ने दावा किया था कि मेरे पिता के प्रति निष्ठा रखने वाले पार्टी के सभी लोग मेरे साथ हैं। स्टालिन और अलागिरी दोनों ही करूणानिधि की पहली पत्नी दयालु के सुपुत्र हैं।
इससे पहले स्टालिन जनवरी 2017 से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष थे। मंगलवार को पार्टी की महापरिषद की बैठक में वरिष्ठ नेता और पार्टी के प्रधान सचिव दुरईमुरूगन को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष चुना गया। स्टालिन ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए रविवार को पार्टी मुख्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया था इसके अलावा दुरईमुरूगन ने नामांकन पत्र भरा था। यह पद भी अब तक स्टालिन के पास था।