मुख्यमंत्री शिवराज के टारगेट पर अभी कांग्रेस के 13 और विधायक
भोपाल. कमलनाथ की सरकार गिराने के बाद भाजपा अभी कांग्रेस को और झटके देने की तैयारी में है। भाजपा के टारगेट पर अभी कांग्रेस के 13 और विधायक बताए जा रहे है जिनको वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिलाकर भाजपा में शामिल कर सकते है। इधर एक-एक कर कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम रहे विधायकों के जाने से कांग्रेस दिल्ली तक चिंतित हो गई है। अब कमलनाथ और मुकुल वासनिक मिल कर अपने विधायकों को भाजपा में जाने से रोकने का प्रयास करेंगे।
शिवराज के 4 मंत्रियों से कांग्रेस विधायकों से लगातार बातचीत हो रही
इधर इस घटनाक्रम पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि कांग्रेस अपने विधायकों को संभालने में नाकाम रही है इसमें हमारा क्या दोष है। ऐसी जानकारी मिली है कि भाजपा के टारगेट पर अभी 13 कांग्रेस विधायक है जिन्हें वह अपने दल में शामिल करने का प्रयास कर रही है। इस प्रयास में शिवराज सिंह चौहान सरकार के 4 मंत्रियों सहित आधा दर्जन अन्य नेता जुटे हुए है। इनकी कांग्रेस विधायकों से लगातार बातचीत हो रही है।
कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं व पूर्व मंत्रियों को मिलाकर एक टीम बनाएगी
जानकारी के अनुसार कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों को मिलाकर एक टीम बनाएगी। यह टीम कांग्रेस के लगभग सभी विधायकों से लगातार सम्पर्क में रहेगी। इस काम में कमलनाथ और मुकुल वासनिक के साथ ही दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरूण यादव, विवेक तन्खा, अजय सिंह जैसे नेताओं को भी उतारा जाएगा।