कांग्रेस के कुछ और विधायक भाजपा में आ सकते है
भोपाल. प्रदेश में कांग्रेस को अभी और झटके लग सकते है। कांग्रेस के कुछ विधायकों से भाजपा के नेता सम्पर्क में बने हुए है। इनके भी टूट कर भाजपा में शामिल होने की संभावना अब बड़ गई है हालांकि कांग्रेस इनमें से कुछ को मनाने के प्रयास में जुट गई है। इस बार कांग्रेस को बुंदेलखंड और विंध्य से झटका लग सकता है। बुंदेलखंड के तीन विधायक और विंध्य के एक विधायक भाजपा नेताओं के सम्पर्क में लंबे समय से है। ऐसा माना जा रहा है कि इन्हें भी सरकार में राजनीतिक नियुक्ति मिल सकती है हालांकि अभी इन विधायकों ने अपनी अंतिम सहमति भाजपा नेताओं को नहीं दी है।
एक साथ तीन विधायक आने थे
भाजपा में रविवार को शामिल हुए प्रद्युम्न सिंह लोधी के साथ दो और विधायक भाजपा में शामिल होने वाले थे लेकिन उन्हें निगम-मंडल में एडजस्ट करने का फिलहाल आश्वासन नहीं दे पाए। जानकारी के अनुसार बुंदेलखंड के इन 2 विधायकों से भाजपा संगठन ने राष्ट्रीय नेतृत्व से बात करने के बाद पद देने की बात की इसलिए फिलहाल इन 2 विधायकों का आना टल गया है वहीं बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के भी एक-एक विधायक से भाजपा नेताओं की बातचीत चल रही है।